सेवा दिवस: केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने नशामुक्ति से उबर चुके लोगों के साथ जलाया 'आशीर्वाद का दीया'
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत नशीले पदार्थों की लत से उबर चुके व्यक्तियों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 'सेवा दिवस' के अवसर पर 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम के दौरान 'आशीर्वाद का दीया' पहल के माध्यम से सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने उन व्यक्तियों के साथ मिलकर दीया जलाया, जिन्होंने नशीले पदार्थों की लत से उबरने के लिए सफलतापूर्वक इलाज और पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) की प्रक्रिया पूरी की है।
इस समारोह में दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में मंत्रालय के अनुदान-सहायता प्राप्त संस्थानों से उपचार पाने वाले लगभग 250 लोग शामिल हुए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नशामुक्ति से उबर रहे लोगों और उनके परिवारों में उम्मीद, सम्मान और हिम्मत का संचार करना था। साथ ही, सरकार ने नशीले पदार्थों की मांग को कम करने और रोकथाम, इलाज व पुनर्वास के प्रयासों को मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि ठीक होने का सफर उम्मीद और एक नई शुरुआत का सफर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो लोग नशे की लत से उबर चुके हैं, वे सम्मान, सामाजिक स्वीकार्यता और अपने जीवन को फिर से संवारने के अवसर के हकदार हैं। मंत्री ने प्रोफेशनल इलाज, निरंतर पुनर्वास, परिवार के सहयोग और समुदाय की भागीदारी को रिकवरी की प्रक्रिया में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने समाज में एक ऐसा माहौल बनाने की अपील की जहां ठीक हो रहे लोगों के साथ कोई भेदभाव न हो और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर मिलें।
यह कार्यक्रम देशव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' का एक हिस्सा था, जो समावेशी शासन और सशक्तिकरण पर केंद्रित है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक विशेष प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जीवन और सार्वजनिक सफर को दर्शाने वाली 76 मूल पेंटिंग्स लगाई गई हैं, जो 20 तारीख तक आम जनता के लिए खुली रहेंगी।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. संदीप आर. राठौड़, निदेशक श्री आस्तिक कुमार पांडे, डीएआईसी के निदेशक श्री आकाश पाटिल सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और नागरिक समाज के सदस्य उपस्थित थे। सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग नशीले पदार्थों की लत से प्रभावित लोगों को संस्थागत सहयोग प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।



